- प्लांट की स्थापना पर रोक लगाने की मांग, एसडीएम ने जांच के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मोहल्ला भाटवाड़ा निवासी एवं पूर्व सभासद सुशील कुमार ने कमिश्नर को प्रार्थनापत्र भेजकर नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक तालाब और बाबा भीमराव अंबेडकर पार्क परिसर में प्रस्तावित गोबर अपशिष्ट निस्तारण प्लांट की स्थापना पर रोक लगाने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया कि संबंधित तालाब राजस्व अभिलेखों में जलाशय के रूप में दर्ज है। यह तालाब क्षेत्र में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संतुलन का प्रमुख स्रोत है। इसके समीप स्थित बाबा भीमराव आंबेडकर पार्क स्थानीय लोगों के सामाजिक एवं सार्वजनिक उपयोग का महत्वपूर्ण स्थल है। बताया कि नगर पालिका द्वारा तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के स्थान पर पशुओं के गोबर अपशिष्ट निस्तारण प्लांट की स्थापना कराई जा रही है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे तालाब का मूल स्वरूप प्रभावित होगा और पर्यावरण व जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। जिस स्थान पर प्लांट स्थापित किया जा रहा है, वहां पहुंच मार्ग संकरा है, जिससे आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो सकती है। साथ ही दुर्गंध, गंदगी और मच्छरजनित रोगों की आशंका भी जताई गई है। शिकायत में यह भी कहा गया कि यह कार्य अवस्थापना निधि के अंतर्गत कराया जा रहा है। लगभग 30 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। आरोप है कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया।
पूर्व सभासद ने आयुक्त से मांग की है कि कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए, स्थल का निरीक्षण कराया जाए तथा व्यय की जा रही धनराशि की जांच कराई जाए। साथ ही तालाब के संरक्षण, गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा पार्क की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने तहसील और पालिका टीम को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।