- ग्रामीणों ने अतिक्रमण मुक्त कराने व आरोपी कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव अस्सा में सार्वजनिक आम रास्ते व सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और वाहनों के जमावड़े के संबंध में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और सरकारी रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
गांव अस्सा के लोगों ने उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को दिए पत्र में बताया कि उनका मकान दूसरे समुदाय के बीच स्थित है। उनके मकान सामने आरोपी दूसरे समुदाय के व्यक्ति का मकान है। आरोप है कि आरोपी झगड़ालू प्रवृत्ति का व्यक्ति है। आरोपी ने अपने घर के सामने स्थित आम रास्ते व सरकारी जमीन पर दो ट्रैक्टर, स्पेलर और अन्य अवैध वाहन खड़े कर रखे हैं। साथ ही सार्वजनिक मार्ग में सबमर्सिबल बोरिंग लगाकर अवैध कब्जा कर लिया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।
17 जुलाई को हुई बारिश के बाद आरोपी ने रास्ते में रुकी हुई मिट्टी व कूड़ा उठाकर नरेशपाल के घर के सामने ढेर लगा दिया। नरेशपाल ने विरोध किया तो आरोपी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके घर पर चढ़ाई कर दी और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ते देख नरेशपाल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला।
बार-बार हो रहे इस विवाद से परेशान होकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर भेजकर निष्पक्ष जांच और निरीक्षण कराया जाए, आम रास्ते पर अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले वाहनों को हटवाया जाए और सरकारी भूमि पर लगाए गए अवैध सबमर्सिबल को हटाकर भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। साथ ही आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की जाए।
पत्र पर सतीश, अवनीश कुमार, कृष्ण, प्रतीक कुमार, राहुल पाल, आदित्य पाल, विशांत, विशु, प्रियांशु, मोनू पाल, सचिन शर्मा, रामपाल, नीटू कुमार, रामनारायण और विपिन कुमार आदि दर्जनों ग्रामीणों के नाम हैं।