संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव खिर्वा जलालपुर में राम मंदिर के लिए प्रस्तावित भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र के बाद प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर संज्ञान लिया गया है।
शिकायतकर्ता संदीप पुत्र राजेंद्र निवासी खिर्वा जलालपुर का कहना है कि वह अपनी निजी भूमि पर राम मंदिर का निर्माण कराना चाहता है। इसके लिए पूरी भूमि मंदिर के नाम दान करने को तैयार है। आरोप है कि परिवार के ही कुछ लोग जबरन मंदिर के लिए प्रस्तावित भूमि पर कब्जा किए हुए हैं और वहां अवैध निर्माण भी करा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति बन रही है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भी रोष व्याप्त है।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी गई है, जो मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।