चार दिवसीय आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप शुरू
बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चतुर्थ आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी बीके सिंह और नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की गवर्निंग बॉडी के सदस्य, आईएसएसएफ जज धीरज सिंह ने किया।
जिलाधिकारी बीके सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए और उसी पर पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। मुख्य अतिथि धीरज सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण के कारण भारतीय निशानेबाज विश्व स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आनंद प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल जैसी प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजन सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात गुप्ता ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल एवं 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।