पुलिस के अनुसार सोमवार शाम को हथछोया के एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि राजेंद्र नाम का व्यक्ति शराब पीकर उनके घर के बाहर हंगामा कर रहा है। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और राजेंद्र को पकड़कर ले जाने लगी, लेकिन राजेंद्र पक्ष के लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी।
हंगामे के दौरान राजेंद्र भी छूटकर चला गया। यूपी 100 पुलिस भी लौट गई। सीओ कैराना के अनुसार शाम को सूचना मिली कि राजेंद्र की मौत हो गई है। झिंझाना पुलिस मौके पर पहुंची तो राजेंद्र के परिजन और अन्य ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि गांव के दूसरे समुदाय के लोगों से राजेंद्र का पिंडरो रोड तिराहे पर झगड़ा हुआ था। उन्होंने ही उसकी लाठी डंडों से पीटकर और बलकटी से काटकर हत्या की है।
सीओ कैराना राजेश तिवारी के अनुसार गांव में कई तरह की बातें लोग कर रहे हैं। ये बात भी सुनने को मिली कि यूपी 100 पुलिस के जाने के बाद युवक की छत से गिरने से मौत हुई है, लेकिन मृतक के परिजन दूसरे समुदाय के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, उनकी तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद सुबह परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने दिखाई सक्रियता
मामला दो अलग-अलग समुदाय के होने की वजह से पुलिस ने भी पहुंचने में देरी नहीं की। एएसपी अजय प्रताप सिंह ,सीओ कैराना राजेश तिवारी, स्वाट टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों का गुस्सा भांप पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया ओर लोगों को शांत कराया। मौके की नजाकत देख पुलिस शव के पोस्टमार्टम और तहरीर पर केस दर्ज करने को तैयार हो गई।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/