रविवार शाम युवती के परिजनों व आरोपी युवकों के परिजनों के साथ ग्राम प्रधान के आवास पर पंचायत हुई। पंचायत में कोई निर्णय नही हो पाया। सोमवार को फिर से पंचायत हुई। इस दौरान आरोपी युवकों के परिजनों ने युवती के परिजनों को ढाई लाख रुपये देने की पेशकश की। इस पर युवती के परिजन भड़क गए और उन्होंने आरोपी युवकों के साथ मारपीट कर दी। गांव में सांप्रदायिक झगड़े की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह, सीओ दौराला जितेन्द्र सरगम, दौराला एसओ रितेश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। किसी तरह लोगों को शांत कराया। पीड़ित युवती ने गांव निवासी फुरकान व परवेज पर जबरन दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो व फोटो के बल पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए दौराला थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में लिया है। रविवार को भी गांव में तनाव के चलते पीएसी तैनात है।
दो दिनों से चल रही थी पंचायत
गांव में दोनों पक्षों में समझौता कराने के लिए दो दिनों से पंचायत चल रही थी। इसकी सूचना पुलिस को नही थी। सोमवार को पंचायत में युवती की अस्मत की बोली लगाई गई तो मामला बिगड़ गया। दोनों समुदाय के लोग-आमने सामने आ गए।
आरोपियों के सामाजिक बहिष्कार की मांग
घटना के बाद गांव में माहौल गर्म है। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों का सामाजिक बहिष्कार कर गांव से निकालने की मांग की है। घटना से सभी ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ हैं।
पुलिस की तत्परता से बचा बवाल
पंचायत के दौरान हुए झगड़े की सूचना पर दौराला पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस को देख भगदड़ मच गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस यदि इस मामले में गांव में पहुंचने में देर करती तो बड़ा बवाल हो सकता था।
युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में दोनों पक्ष शांत हैं। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। -रितेश कुमार एसओ दौराला