जानीखुर्द। गांव गेझा में बुधवार को भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक माहौल के बीच भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और बाबा जाहरवीर गोगा नवमी महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम के साथ हुआ। पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन का उद्घाटन मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया।
मुख्य अतिथि सोमेंद्र तोमर ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सनातन संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह, मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल के अध्यक्ष दीपक राणा और भाजपा जिला उपाध्यक्ष मंजू सेठी, सुबोध जिंदल, विजय शर्मा, ललित जिंदल आदि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत मुख्य आयोजक विनोद गेझा ने किया। गांव में मेले जैसा उत्साह देखने को मिला। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।