मेरठ मैं कामेडी के माध्यम से देश के युवाओं को जागृत करने निकला हूं। जब से सेम से जुड़ा हूं, मैंने कामेडी में फूहड़ता छोड़ दी है। यह बात कॉमेडी सर्कस फेम सिद्धार्थ सागर ने कही। सिद्धार्थ बुधवार को मेरठ में क्रांति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रस्तुति देने आए हैं।
दिल्ली रोड स्थित होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिद्धार्थ ने कहा कि कॉमेडी में फूहड़ता स्थायी नहीं है। जब से सेम से जुड़ा हूं तब से फूहड़ता से तौबा कर ली है। क्योंकि सेम युवाओं को जागृत करने वाली संस्थान है।
युवाओं को राष्ट्रीयता और संस्कृति से जोड़ने के लिए जो अभियान चल रहा है, उसका हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है। सिद्धार्थ ने कहा कि जिन लोगों के पास कॉमेडी नहीं है, वह फूहड़ता का सहारा लेते हैं।
आज जो भी कॉमेडी शो चल रहे हैं, वह सब परिवार के साथ बैठकर देखे जा सकते हैं। सिद्धार्थ ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वह सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें, तभी देश आगे बढ़ेगा।
अग्रोहा विकास ट्रस्ट के गिरीश बंसल और सेम की निदेशिका प्रज्ञा भारती ने बताया कि दिव्य ज्योति जागृति संस्था की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है। अमर उजाला, अग्रोहा विकास ट्रस्ट और सुभारती विश्वविद्यालय के सहयोग से कार्यक्रम को किया जाएगा।
11 मई की शाम छह बजे सुभारती विश्वविद्यालय के स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क होगा। गिरीश बंसल ने बताया कि इस विलक्षण कार्यक्रम में कामेडी फेम सिद्धार्थ सागर का लाइव शो तो होगा ही, इसके अलावा इंडिया डासिंग सुपर स्टार के विजेता श्रेय खन्ना प्रस्तुति देंगे। अन्य कार्यक्रम भी होंगे। इस मौके पर ज्ञानेंद्र अग्रवाल, इंदर गर्ग, दयानंद गुप्ता, डॉ. प्रफुल्ल राजवंशी, सुबोध गर्ग, सीताराम गुप्ता मौजूद रहे।