यूपी के बागपत में आज सवेरे एक सकूल बस और ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि छह बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
खेकड़ा थानाक्षेत्र के मवी कलां गांव के निकट बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस में एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कक्षा 6 के एक छात्र की मौत हो गई जबकि, दस बच्चे घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक नाइस पब्लिक स्कूल सांकरौदा की बस दिल्ली सहारनपुर हाइवे से होती हुई लौट रही थी। तभी यह हादसा हुआ। बस में कुल 20 बच्चे सवार थे। हादसे में मारे गए छात्र की पहचान मवीकलां के रहने वाले अभिषेक के रूप में हुई है।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में जहां बच्चे की मौत पर माहौल गमगीन हैं वहीं ग्रामीण इस हादसे के बाद गुस्से में हैं।