एसएसपी से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भाजपा के महानगर कोषाध्यक्ष अमित गर्ग मूर्ति के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी अविनाश पांडेय से मिला। उन्होंने जनसुरक्षा एवं समान कानून व्यवस्था के अंतर्गत नारियल विक्रेताओं एवं धारदार औजार रखने वाले व्यक्तियों के सत्यापन एवं जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भगवान परशुराम जयंती पर निकाली गई शोभायात्राओं में श्रद्धालुओं के फरसों को पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर जब्त किया गया था। प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों का हम सम्मान करते हैं, लेकिन मेरठ शहर के हिंदू बहुल इलाकों में बड़ी संख्या में नारियल पानी के अस्थायी ठेले एवं काउंटर चल रहे हैं। इन विक्रेताओं के पास नारियल काटने के लिए बड़े धारदार चाकू, गंडासे तथा अन्य तेज धार औजार रहते हैं, जिनका दुरुपयोग होने की आशंका है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि ऐसे सभी अस्थायी नारियल विक्रेताओं एवं अन्य धारदार औजार रखने वाले व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। उनकी पहचान, स्थायी पता एवं वैध दस्तावेजों की जांच की जाए। उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। कानून व्यवस्था के संबंध में समान मानक अपनाए जाए। एसएसपी ने जांच कराने का आश्वासन दिया।