दौराला। रेलवे स्टेशन पर कोयला उतराई से फैल रहे प्रदूषण को लेकर उठे विवाद के बाद नगर पंचायत ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कॉलोनी से गुजर रहे कोयला लदे ट्रकों पर रोक लगाने के लिए प्रस्तावित हाइट गेज लगाने का कार्य मंगलवार से प्रारंभ कर दिया गया।
नगर पंचायत की टीम ने दौलत राम कॉलोनी मार्ग पर हाईट गेज लगाने के लिए पिलर स्थापित करने हेतु गड्ढे खोदने का काम शुरू किया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइट गेज लगने से भारी वाहनों की आवाजाही स्वतः रुक जाएगी, जिससे कॉलोनी में प्रदूषण और हादसों का खतरा कम होगा।
विज्ञापन
शनिवार रात क्षेत्रवासियों ने ट्रकों को रोककर धरना दिया था। इसके बाद सभासद कुसुम उपाध्याय के पति ओमकार उपाध्याय के नेतृत्व में अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था। लोगों ने कोयले की उड़ती धूल से बढ़ते प्रदूषण और स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को लेकर नाराजगी जताई थी।
अधिशासी अधिकारी करिश्मा ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही हाइट गेज स्थापित कर ट्रकों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।