मेरठ। ऋषभ एकेडमी में बृहस्पतिवार को ऋषभ क्रिकेट एकेडमी और जीटीबी क्रिकेट एकेडमी की ओर से खेल के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने सभी को सम्मानित किया।
आयोजन सचिव व क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी अंपायर शिवानी शर्मा, जिला फुटबाल संघ के सचिव ललित पंत, बैडमिंटन में अपने बल पर तीन भारतीय खिलाड़ी देने वाले प्रभात शर्मा, सुशील त्यागी, मंडलीय क्रीड़ा अधिकारी सुषमा यादव, फुटबॉल कोच सिद्धार्थ राठी सहित अन्य सम्मानित किए गए।
मुख्य अतिथि कैंट विधायक ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास करता है। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव की भी सराहना की। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने जीटीबी स्कूल क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों को स्वेटर देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ऋषभ एकेडमी के अध्यक्ष दिनेश चंद्र जैन, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, सचिव डॉक्टर संजय कुमार जैन, प्रधानाचार्य मुकेश कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव, रजनीश कौशल आदि अतिथिगण भी मौजूद रहे।