मेडिकल कालेज में उठापठक का दौर शुरू हो गया है। बीते कुछ दिनों के दौरान घटी सारी घटनाओं से आहत होकर सीएमएस डॉ. सुभाष सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्राचार्य ने फार्मेसी के प्रोफेसर विभु साहनी को सीएमएस का चार्ज सौंप दिया है। उधर, कयास यह भी लगाया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर द्वारा निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को फोन किया गया था। जिसके बाद शासन स्तर से कार्रवाई का निर्देश हुआ।
सोमवार से एमआरआई के पत्थर को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार बैठकों में ऐसे तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे सीएमएस अपमानित महसूस कर रहे थे। बताया गया कि एमआरआई बिल्डिंग से कुर्सी उठवाये जाने के मामले में रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष व सीएमएस के बीच नोकझोंक हुई थी। बुधवार को जब एमआरआई का उद्घाटन किया गया, तो दोनों शिलापट में से किसी पर भी सीएमएस का नाम नहीं था। हालांकि डॉ. अजीत चौधरी, डॉ. सचिन, डॉ. दिनेश राणा समेत तमाम लोगों ने सुबह से दोपहर तक सीएमएस को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़े रहे। जिसके बाद देर शाम उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया।