एपेक्स टावर स्थित फैमली हेल्थकैयर के बराबर में बना एल्फा अस्पताल। ........... संवाद...........
कानपुर के किडनी प्रकरण में नाम आने के बाद सीएमओ ने गढ़ रोड पर मंगल पांडे नगर स्थित अल्फा अस्पताल प्रबंधन को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है। तीन दिन के भीतर जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने बताया कि प्रकाश में आया कि अल्फा अस्पताल के तार कानपुर के किडनी प्रकरण से जुड़े हैं। इसमें फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित कुमार, दंत चिकित्सक डॉ. वैभव मुद्गल और डॉ. अफजाल नामजद हुए हैं। इनके अलावा अस्पताल से जुड़े विक्की चौहान, विजय गुप्ता, इनाम, नासिर, परवेज और फरियाद के नाम भी संज्ञान में आए हैं। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा गया है कि इनका इस मामले से क्या संबंध है। अस्पताल प्रबंधन के जवाब के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
मेरठ में नियमानुसार होता है किडनी ट्रांसप्लांट: आईएमए
आईएमए मेरठ शाखा की अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी का कहना है कि मेरठ में किडनी प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) नियमानुसार होता है। यहां तीन अस्पताल हैं जहां किडनी प्रत्यारोपण होता है। इनमें जसवंत राय अस्पताल, न्यूटिमा अस्पताल और आर्यव्रत अस्पताल। इसकी लिए कमेटी है जिसमें चिकित्सकों के अलावा रिटायर्ड आईएएस भी हैं। कानपुर के किडनी वाले मामले में मेरठ के जो डॉक्टर आरोपी बनाए गए हैं वह मेरठ आईएमए में पंजीकृत नहीं हैं।