मेरठ। भावनपुर थाना के गांव अब्दुल्लापुर स्थित मोहल्ला खिरन्नी निवासी अनवरी उर्फ अन्नो पत्नी जमील का नाती फैजान (24) बचपन से ही उसके पास रहता है। फैजान पेशे से पैठ बाजारों में कपड़ा बेचने का काम करता है। आरोप है कि सोमवार को देर रात को गांव के ही अखलाक उर्फ इकबाल, शारिक उसके घर में घुस गए। जहां फैजान पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फैजान का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़कर पहुंचे। लेकिन तब तक हमलावर मौके से भाग चुके थे।
इसी बीच मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी। वहीं दूसरी ओर मंगलवार को अनवरी उर्फ अन्नो अपने बेटे सलीम और अन्य लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंची। उसने हमलावरों के खुलेआम गांव में घूमते हुए जान से मारने की धमकी को लेकर शिकायत की। वहीं थाना पुलिस पर भी हमले के बाद कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इससे पूर्व 14 अप्रैल को अखलाक के दो सगे भाई हसरत और काला उर्फ अरशद ने लावड़ के घास मंडी थाना इंचौली निवासी दानिश फल विक्रेता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा है। घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच कर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।