कांवड़ मार्गों पर तीन शिफ्टों में होगी सफाई
मेरठ। कांवड़ मार्गों पर तीन शिफ्टों में सफाई होगी। सभी वार्डों से पांच पांच कर्मचारी कांवड़ मार्गों पर सफाई के लिए लगाए गए हैं। सफाई की निगरानी के लिए सफाई इंस्पेक्टरों की ड्यूटी भी लगाई है।
कांवड़ियां कंकरखेड़ा बाईपास, मोदीपुरम से बेगमपुल-परतापुर फ्लाई ओवर तक, बागपत रोड, विवि रोड, गढ़ रोड और हापुड़ रोड से गुजरते हैं। इन सभी मार्गों पर सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे, साढ़े 12 बजे से पांच बजे तक और पांच से आठ बजे तक तीन शिफ्टों में सफाई की जाएगी। हालांकि सोमवार तक निगम का कोई सफाई कर्मचारी कांवड़ मार्गों पर सफाई करने नहीं पहुंचा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेन्द्र कुमार का कहना है कि मंगलवार से सभी सफाई कर्मचारी कांवड़ मार्गों पर दिखाई देंगे। सफाई में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
शिविरों में पॉलीथिन और प्लास्टिक गिलास प्रतिबंधित
कांवड़ शिविरों में पॉलीथिन और प्लास्टिक के गिलास व पत्तल आदि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए शासन के आदेश पर निगम ने यह कदम उठाया है।
कांवड़ मार्गों पर चालू होंगे सभी हैंडपंप
नगर निगम प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर लगे सभी हैंडपंपों को चालू करने का फैसला किया है। कुछ स्थानों पर पानी की पाइप लाइन से भी कनेक्शन दिए जाएंगे ताकि पीने और नहाने में पानी की कमी न हो।