सरधना। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की सरधना शाखा के पदाधिकारियों ने पूर्व सभासद एवं संगठन नेता महिपाल वाल्मीकि के नेतृत्व में पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से सफाई कर्मचारी नेताओं ने योगी आदित्यनाथ से मांग की कि वर्ष 2006 से संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए और प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती सुनिश्चित की जाए। पुरानी पेंशन बहाली, स्थानीय निकायों की खाली जमीन पर सफाई कर्मचारियों के लिए फ्लैट निर्माण और संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के ईपीएफ जमा न होने पर संबंधित ठेकेदार या अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सफाई कर्मचारी नेताओं ने पूर्व विधायक से अनुरोध किया कि वह प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात कराएं ताकि कर्मचारी अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकें। इस पर पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में शाखा अध्यक्ष शुगन चंद धिगान, जयचंद, बबलू, दिनेश और महिपाल वाल्मीकि सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।