पुलिस और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ जनपद के थाना पिलखुवा अंतर्गत ग्राम खेड़ा निवासी किसान पप्पन तोमर की 19 वर्षीय बेटी ऋतु तोमर हिंदू कन्या इंटर कॉलेज पिलखुवा में इंटर की छात्रा है। ऋतु के भाई मोहित तोमर ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ऋतु अपनी एक सहपाठी सहेली से परीक्षा के नोट्स लेने के बहाने घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी।
तलाश के बीच मंगलवार सुबह लगभग 11:45 बजे ऋतु ने अपने भाई मोहित को फोन किया। उसने बताया कि वह इस समय मेरठ में है। बातचीत के दौरान ऋतु काफी परेशान लग रही थी। उसने भाई से कहा कि वह बोर्ड परीक्षा को लेकर भारी मानसिक तनाव में है और उसके सिर में तेज दर्द हो रहा है। मोहित ने उसे ढांढस बंधाया और तुरंत घर लौटने को कहा लेकिन इसके कुछ ही देर बाद ऋतु मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना थाना क्षेत्र स्थित नानू गंग नहर पुल पर पहुंची और गहरे पानी में छलांग लगा दी।
चाय की दुकान से किया था आखिरी कॉल : जांच में सामने आया है कि ऋतु ने नहर किनारे स्थित एक चाय की दुकान चलाने वाली महिला के फोन से अपने भाई को आखिरी कॉल की थी। पुल के आसपास मौजूद राहगीरों ने जब छात्रा को नहर में कूदते देखा तो तुरंत सरधना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ पीएसी के गोताखोरों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं जिसमें छात्रा दिखाई दे रही है।
परिवार में छाया मातम
भाई मोहित ने बताया कि ऋतु पढ़ाई में काफी अच्छी थी। वह तीन बहनों (छोटी बहनें प्राची और निशा) में सबसे बड़ी है पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस अनहोनी के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
छात्रा की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार देर शाम अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा, जिसे बृहस्पतिवार सुबह दोबारा पीएसी के गोताखोरों के साथ शुरू किया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। -आशुतोष कुमार, सीओ सरधना