बहसूमा। क्षेत्र के गांव झुनझुनी में ग्राम प्रधान बृजमोहन आर्य व पूर्व जिला प्रचारक मुरादाबाद बॉबी उर्फ रईस पाल पक्ष में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को पुन: दोनों पक्ष भिड़ गए। दोनों तरफ से हुई मारपीट में दोनों पक्ष से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
गांव झुनझुनी में ग्राम प्रधान बृजमोहन आर्य पक्ष और पूर्व जिला प्रचारक मुरादाबाद बोबी पक्ष ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त करने को लेकर बीते शनिवार को भिड़ गए थे। आपस में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए थे। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाने के लिए दो लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया था।
रविवार को फिर से बृजमोहन आर्य पक्ष और पूर्व जिला प्रचारक बॉबी उर्फ रईस पाल पक्ष ग्राम पंचायत की भूमि को लेकर भिड़ गए। दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। घायलों में ग्राम प्रधान पक्ष की तरफ से उज्ज्वल व रविंद्र तथा बॉबी पक्ष की तरफ से सोनू व चांद घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने रविवार को ग्राम प्रधान बृजमोहन आर्य व बोबी पक्ष के देवेंद्र को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया।
उप जिलाधिकारी अखिलेश यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजकर ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। पुलिस ने ग्राम प्रधान पक्ष के मित्रसेन की तरफ से बॉबी उर्फ रईसपाल, संजय, संजीव, संजय पुत्र महेंद्र, आकाश, अंकित, अवनीश, प्रशांत के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पूर्व प्रचारक बॉबी की तरफ से आकाश ने बृजमोहन, मित्रसेन व देवेंद्र के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
-
मुबारिकपुर के प्रधान को मारपीट कर घायल किया
मवाना। गांव मुबारिकपुर के ग्राम प्रधान सुदेशपाल को गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। ग्राम प्रधान ने दो के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल प्रधान को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया। सीएचसी के चिकित्सक ने ग्राम प्रधान को मेरठ रेफर कर दिया।
गांव मुबारिकपुर के ग्राम प्रधान सुदेशपाल ने तहरीर में कहा है कि मुबारिकपुर-कौल मार्ग पर सरकारी खडंजा का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार सुबह 9:15 बजे वह निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे तो देखा कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने उक्त खडंजे के रास्ते पर अपने मकान के आगे मिट्टी डालकर अतिक्रमण कर रखा है। ग्राम प्रधान व ठेकेदार ने मिट्टी लेवल में करने के लिए कहा तो आरोपी गाली-गलौज की व ईंट से हमला कर घायल कर दिया। आरोपी का साथी तबल और कट्टा लेकर आया। पुलिस को फोन करने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल छीन कर तोड़ दिया। शोर शराबा सुन आसपास से काफी व्यक्ति आ गए, जिन्होंने उसकी जान बचाई। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान के सिर में चोट होने पर सीएचसी के चिकित्सक ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।