सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई में स्थित एक फैक्टरी में कैंपर से पानी भरने को लेकर मजदूरों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से अमन, धर्मेंद्र, पुष्कर, रिंकू, निखिल, सचिन व शिवम और दूसरे पक्ष से निशार, इरशाद व शाकिर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खिवाई निवासी धर्मेंद्र फैक्टरी में मजदूरी करता है। सोमवार शाम करीब 6:00 बजे उसका भतीजा अमन फैक्टरी में कैंपर से बोतल में पानी भरने लगा। शाकिर उसे बोतल में पानी भरने से मना करने लगा। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। शाकिर ने अमन के साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर अमन के साथी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।