सरधना। बहादरपुर गांव में मामूली कहासुनी को लेकर शुक्रवार दोपहर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। उनमें लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार चले तथा पथराव भी हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम पर संघर्ष की सूचना दी गई। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
बहादरपुर गांव निवासी कुलदीप पुत्र सतवीर व चमन पुत्र दाताराम पक्ष के बीच शुक्रवार को मामूली कहासुनी के बाद गालीगलौज हो गई। मामला संघर्ष में बदल गया। कुलदीप पुत्र सतवीर का आरोप है कि चमन पक्ष के एक युवक ने नशे में उनके यहां गालीगलौज शुरू कर दी। उनके द्वारा विरोध करने पर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियारों हमला बोल दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ। संघर्ष में कुलदीप पक्ष से दो लोगों को चोट लगी। वहीं, पुलिस गांव पहुंची ओर दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी थे।