घंटों तक बिजली नहीं आने से परेशान रहे लोग
मेरठ। बकरीद पर पीवीवीएनएल के भरपूर बिजली आपूर्ति के दावे फेल हो गए। शहर के कई बिजलीघर क्षेत्रों में फाल्ट होने के चलते घंटों आपूर्ति बाधित रही। लिसाड़ी गेट व विकासपुरी बिजलीघर क्षेत्र में बिना बिजली के हाहाकार मचा रहा। बिजली गुल होने से लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिला।
पीवीवीएनएल एमडी आशुतोष निरंजन ने ईद पर शहरवासियों को भरपूर बिजली आपूर्ति करने के आदेश दिए थे। इसके लिए पहले से ही ईदगाह के निकट क्षेत्र में विद्युत पोल व जर्जर तार बदलने की हिदायत दी गई थी ताकि कोई अनहोनी न हो। लेकिन पावर कारपोरेशन अधिकारियों ने आदेश को पलीता लगा दिया। ईद की छुट्टी में अधिकारी घर बैठे रहे और बिजली लोगों से आंख मिचौली खेलती रही। लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड व विकासपुरी बिजलीघर क्षेत्र में सुबह ही बिजली चली गई। लोग ईद की नमाज अदा करने ईदगाह चले गए। वहां से आने के बाद भी उन्हें बिजली नहीं मिली। क्षेत्र निवासी सलीम सिद्दीकी, जाकिर और आलम ने बताया कि बिजली जाते ही पीने का पानी भी चला गया। लोग बिजलीघरों पर फोन कर बिजली की जानकारी करते रहे। लेकिन वहां से फाल्ट होने और उसे अटैंड करने की जानकारी मिलती रही। दोपहर बारह बजे कुछ देर के लिए आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन फिर गुल हो गई। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। इसके अलावा कंकरखेड़ा, लेडीज पार्क, टाउन हाल, नौचंदी, हापुड़ रोड, काजीपुर, मेडिकल, एमईएस आदि बिजलीघर क्षेत्र में भी बिजली ने लोगों को झटके दिए। अधीक्षण अभियंता शहर एके पाठक ने बताया कि लिसाड़ी क्षेत्र में फाल्ट होने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। इसे ठीक कराकर सामान्य करा दिया था। वहीं कुछ इलाकों में नमाज के चलते एहतियात के तौर पर बिजली कटवाई गई थी।