खरखौदा। लॉकडाउन के चलते सरकारी राशन एक माह में दो बार बांटा जा रहा है। एक बार के राशन का पैसा लिया जा रहा है तथा दूसरी बार फ्री दिया जा रहा है। जुलाई का खरखौदा समेत अधिकतर गांवों में 80 से 90 फीसदी राशन बांटा जा चुका है।
सरकार ने अप्रैल, मई व जून में कार्ड धारकों को एजेंसी से प्रति यूनिट पांच किलो चावल एवं एक किलो चना फ्री दिया गया। अब अनलॉक के दौरान सरकार ने महीने में दो बार राशन देना शुरू किया। प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं दो रुपये किलो एवं दो किलो चावल तीन रुपये किलो के हिसाब से दिया जा रहा है। पहले चरण का राशन एक से 15 जुलाई तक बांटा गया। वहीं, दूसरे चरण में राशन 20 से 30 जुलाई वितरित किया जाना है। खरखौदा में कार्ड धारकों की संख्या के मुताबिक तीन एजेंसियां होनी चाहिए। हालांकि पांच वर्षों से महज एजेंसी है। राशन डीलर सुधीर त्यागी से 1260 कार्ड व 18 अंत्योदय कार्ड संबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि करीब 96 प्रतिशत राशन बांटा जा चुका है। वहीं, गांव कैली में दो एजेंसियां हैं। इन पर 913 कार्ड एवं 13 अंत्योदय कार्ड हैं। इनमें से अधिकतर राशन वितरण किया जा चुका है। वहीं, गांव पांची में दो एजेंसी संचालकों ने 567 कार्ड धारकों एवं 30 अंत्योदय को राशन वितरित कर दिया। एजेंसी संचालक तेज सिंह के अनुसार प्राइमरी पाठशाला नंबर एक के सभी 49 बच्चों का राशन मिला है, लेकिन पाठशाला नंबर दो के 64 में से 20 बच्चों को ही राशन मिला है।
वर्जन
खरखौदा क्षेत्र के सभी गांवों में राशन वितरण संबंधी शिकायत नहीं है।-अजय कुमार, आपूर्ति निरीक्षक खरखौदा