भामाशाह पार्क में बल्लेबाजी करता ओडिशा का खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
भामाशाह पार्क में सोमवार से शुरू हुए सीके नायडू क्रिकेट ट्रॉफी के मैच में यूपी ने गेंदबाजों के दम पर शिकंजा कस दिया है। फिरकी गेंदबाज जीशान अंसारी और तेज गेंदबाज शुभम मावी ने ओडिशा की टीम को 222 रनों पर समेट दिया है। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक यूपी ने बिना विकेट गंवाए 57 रन बना लिए थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओडिशा की शुरुआत शानदार रही। दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े। शांतनु मिश्रा ने 61 और देबाशीष सामंत्रे ने 49 रन बनाए। यूपी के कप्तान शिवम चौधरी ने मेहमान टीम को शांतनु मिश्रा के रूप में पहला झटका दिया। इसके बाद 129 रन के स्कोर पर तेज गेंदबाज शुभम मावी ने देबाशीष सामंत्रे का विकेट लेकर दूसरा झटका दिया। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई।
लेग स्पिनर जीशान अंसारी की फिरकी में फंसकर तीन बजे तक पूरी टीम 71.3 ओवर में 222 रन बनाकर आउट हो गई। देवप्रिय पटनायक ने अंतिम समय तक संघर्ष किया और वे 44 रन बनाकर नाबाद रहे। जीशान ने चार, शुभम मावी ने तीन, शानू सैनी ने दो व शिवम चौधरी ने एक विकेट लिया। जवाब में खेलने उतरी यूपी की टीम ने सधी हुई शुरुआत की। दिन का खेल खत्म होने पर 18 ओवर में बिना विकेट खोए 57 रन बनाए। कप्तान शिवम चौधरी 26 व शुभम अग्रवाल 27 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
मंडलायुक्त ने किया मैच का शुभारंभ
मंडलायुक्त आलोक सिन्हा ने सुबह साढ़े आठ बजे दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि यूपीसीए के उपाध्यक्ष रियायत अली, यूपीसीए के संयुक्त सचिव डॉ. युद्धवीर सिंह, एमडीसीए अध्यक्ष अरविंद नाथ सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके अग्रवाल, उपाध्यक्ष जेके गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, कोच संजय रस्तौगी, पिच क्यूरेटर रवींद्र चौहान, आयोजन सचिव सुभाष शर्मा, सुरेंद्र चौहान, गजेंद्र सिंघल मौजूद रहे।