मेरठ/मोदीपुरम। छोटी दिवाली पर शहर जाम से जूझता रहा। दोपहर से लेकर रात तक वाहन फंसे रहे। मोदीपुरम में हाईवे पर चार किमी. लंबा जाम लगा। शहर में बेगमपुल से लेकर परतापुर तक स्थिति खराब रही। हर चौराहे पर वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। केसरगंज, ईदगाह चौपला, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा और रामलीला मैदान के सामने वाहन चालक जाम से जूझते रहे। व्यवस्था बनाने में ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट गए।
लालकुर्ती में दोपहर में मुख्य मार्ग पर आधा किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। हापुड़ रोड पर एल ब्लॉक तिराहा जाम की चपेट में रहा। आबूलेन पर भीड़ नजर आई। परतापुर तिराहे पर भी शाम के समय आधा किलोमीटर लंबा जाम रहा। यहां ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन शहर की तरफ वाहनों के टर्न लेने के कारण कट पर जाम लगा रहा। देर शाम दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल, खरखौदा मोड़ के सामने जाम रहा। मोदीपुरम में दोपहर तीन बजे से जाम लगना शुरू हुआ। शाम पांच बजे से साढ़े आठ बजे तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। पुलिस ने किसी तरह से स्थिति पर काबू किया।
ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि पिछले दो दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को शहर में ट्रैफिक कम रहा। जिन स्थानों पर जाम की समस्या रही, वहां भी वाहनों का आवागमन कम हुआ। दिल्ली रोड, बिजली बंबा बाईपास और हाईवे पर भी वाहनों की संख्या कम रही। बाजारों में कुछ समय के लिए भीड़ अवश्य नजर आई। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि कुछ स्थानों पर डायवर्जन प्लान ट्रैफिक कम रहने की वजह से लागू नहीं किया गया।
अवैध कट बंद कराया
पल्लवपुरम फेज दो चौहान मार्केट के सामने शुक्रवार सुबह अवैध कट बंद करा दिया। पल्लवपुरम फेज वन के सामने हाईवे पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते लोग सर्विस रोड से गुजर रहे हैं। इसके चलते एनएचएआई ने फेज दो चौहान मार्केट के सामने अवैध रूप से कट खोल दिया था। हालांकि इससे हर वक्त हादसों का डर बना रहता था।