शासन ने विदेश जाने वाले नागरिकों को कोरोना टीकाकरण के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थी, खिलाड़ी और नौकरी करने वाले यदि विदेश जाते हैं तो उनका भी टीकाकरण कराया जाएगा।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि ऐसे नागरिक जिन्हें विदेश जाना है उनके लिए कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज शीघ्र लगाने की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था विदेश जाने वाले खिलाड़ी या छात्र व विदेश में नौकरीपेशा लोगों के लिए ही है। इन श्रेणियों के वैध पासपोर्ट व वैध वीजा धारकों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए टीकाकरण से पहले अपने कागजात नोडल अधिकारी व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव निगम से अनिवार्य सत्यापित कराने होंगे, उसके बाद ही विदेश जाने वालों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि कोविशील्ड वैक्सीन की प्रथम डोज के बाद दूसरी डोज 84 दिनों के बाद लगाई जाती है, लेकिन शासन के निर्देशानुसार विदेश जाने वाले ऐसे नागरिक जो कि विदेश में विद्यार्थी हों या वहां नौकरी करते हों या खिलाड़ी हों, ऐसे लाभार्थियों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने की व्यवस्था 28 दिन बाद ही की जा रही है। जिन्हें विदेश जाना है, वह अपने वीजा और पासपोर्ट की मूल प्रति के साथ फोटो कॉपी लेकर जिला महिला चिकित्सालय में आकर 28 दिन बाद ही कोविशील्ड की अपनी दूसरी डोज लगवा सकते हैं।