विधानसभा क्षेत्र के व्यय प्रेक्षक आलोक मालवीय ने सर्किट हाउस में जिले के सभी आरओ, सहायक व्यय प्रेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बारीकी से हर उम्मीदवारों के व्यय पर नजर रखी जाए। सभी खर्चों का प्रतिदिन लेखा जोखा तैयार कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाने के भी आदेश दिया।
व्यय प्रेक्षक विवेक कुमार गुप्ता ने निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नामांकन के समय बरती जाने वाली सभी सावधानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नामांकन करने से पूर्व सभी उम्मीदवारों को अपना अलग से बैंक खाता खुलवाना होगा। इसी के माध्यम से चुनाव के दौरान खर्चा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन में उम्मीदवार की ओर से 20 हजार से अधिक का भुगतान चेक के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी उम्मीदवार, चुनाव अभिकर्ता या नागरिक निर्वाचन संबंधी समस्या के लिए सर्किट हाउस में प्रात: 9 बजे से 10 बजे तक संपर्क कर सकता है।
शिकायत हो तो प्रेक्षकाें को बताएं
डीएम बी. चंद्रकला ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने आलोक मालवीय को विधानसभा क्षेत्र हस्तिनापुर, सरधना और किठौर तथा विवेक कुमार गुप्ता को मेरठ कैंट, मेरठ शहर, मेरठ दक्षिण और सिवालखास विधानसभा क्षेत्र का व्यय प्रेक्षक नियुक्त किया है। व्यय प्रेक्षक आलोक मालवीय से मोबाइल नंबर 07599681520 पर संपर्क किया जा सकता है। उनके लॉयजन ऑफिसर सुदीप कुमार (ड्रग इंस्पेक्टर) का मोबाइल नंबर 09918591777 है। व्यय प्रेक्षक विवेक कुमार का मोबाइल नंबर 07599681521 है। उनके लॉयजन ऑफिसर प्रदीप दूबे (जिला आबकारी अधिकारी) का मोबाइल नंबर 09454465650 है। कोई भी व्यक्ति निर्वाचन संबंधी शिकायत इन नंबरों पर दर्ज करा सकता है।