निसंतान दंपती ने लिया बच्चे को गोद
धामपुर(बिजनौर)। पुलिस जांच में एक व्यक्ति के बच्चे को बेचने का मामला सही नहीं पाया गया है। बच्चे को नूरपुर क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले निसंतान दंपती ने गोद लिया था और शनिवार को दंपती ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उन्होंने बालक को गोद लेने के लिए पंजीकरण करा लिया है। विधिक प्रक्रिया चल रही है। दंपती का कहना है कि सहानुभूति के तौर पर बच्चे के पिता के बीमार भाई का आपरेशन कराने और अन्य दो बच्चों के भरण पोषण के लिए मदद की है।
नगर के एक मोहल्ले के एक व्यक्ति के कमजोर आर्थिक स्थिति और बड़े भाई का आपरेशन कराने के चलते बच्चे को बेच देने का मामला सामने आया था। इसकी सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी और उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने ले आई थी। उसने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उसे सुझाव दिया कि उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह तीनों बच्चों की ठीक से परवरिश नहीं कर सकता है। ऐसे में एक बच्चे को किसी निसंतान दंपती को दे दे तो कम से कम उसके एक बच्चे की परवरिश तो ठीक से हो जाएगी। इसी बीच उसे जरूरतमंद निसंतान दंपती उसे मिल गया। चार दिन पहले सहमति बन जाने के बाद निसंतान दंपती बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया। एसपी डाक्टर धर्मवीर सिंह का कहना है कि जांच में बच्चे को बेचने का आरोप गलत पाया है। निसंतान दंपती ने बच्चे को गोद लिए जाने के लिए पंजीकरण कराया है। गोद लेने की प्रक्रिया चल रही है।