सरधना। दौराला गंगनहर पुल पर शनिवार को एक कार की टक्कर से आठ वर्षीय बालक घायल हो गया। घायल बालक को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
मढियाई निवासी सुफियान (8) अपने चाचा चांद और अन्य परिजनों के साथ घर लौट रहा था। आरोप है कि दौराला पुलिस चौकी के निकट गंगनहर पुल पर खतौली की ओर से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बालक उछलकर सड़क की दूसरी ओर जा गिरा। इसी दौरान नानू की तरफ से कांवड़ पटरी मार्ग पर एक ट्रक आ रहा था। बालक को गिरता देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि ट्रक समय पर नहीं रुकता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।