स्टीमर या नौकायान से हस्तिनापुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार सड़क या हवाई मार्ग से नहीं बल्कि स्टीमर और नौकायान से जिलों का दौरा करेंगे। इसके लिए प्रशासन की तरफ से प्लान पर कार्य शुरू कर दिया है। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कई विभागों की बैठक हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री जनवरी केे पहले सप्ताह एक से पांच जनवरी या अंतिम सप्ताह 27 से 31 जनवरी के बीच हस्तिनापुर आ सकते हैं। उनका दौरा बिजनौर से शुरू होकर हस्तिनापुर पहुंचेगा। वहीं, जिले में हस्तिनापुर और परिक्षितगढ़ क्षेत्र के नौ गांवों में से किसी एक गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रात्रि विश्राम कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में गंगा नदी 26 जिलों से प्रवाहित होती है। गंगा यात्रा दो चरणों में की जाएगी। पहले चरण का शुभारंभ बिजनौर जिले के गांव सबलगढ़ से होगा, जबकि दूसरा चरण बलिया से होगा। दोनों चरण में गंगा यात्रा के दौरान 1025 किमी की दूरी प्रतिदिन 205 किमी के हिसाब से पांच दिन में पूरी की जाएगी। बिजनौर में 21 नगर निकाय, 1638 राजस्व ग्राम, 1026 ग्राम पंचायतें हैं। इस यात्रा के लिए हर जिले में एक केंद्रीय मंत्री के उपस्थित रहने के लिए भी केंद्र सरकार की तरफ से कहा गया है। इसके अलावा उस क्षेत्र के सांसद, विधायक भी मौजूद रहेंगे।
15 विभागों को सौंपी कार्य योजना
इस गंगा यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए 15 विभागों को शामिल किया गया है। इसमें मुख्य रूप से नगर विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, गृह, परिवहन, उद्यान, कृषि, वन एवं पर्यावरण, सूचना, पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा कल्याण एवं खेलकूद, पशुपालन विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।
गांवों में मनेगा उत्सव
इस गंगा यात्रा के दौरान गंगा किनारे के गांवों में पशु आरोग्य मेला, गंगा नर्सरी, गंगा उद्यान, पर्यावरण गोष्ठी, गंगा की निर्मलता के लिए गोष्ठी, गंगा मैदान का विकास आदि कार्य किए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों को विभागवार कार्य सौंपा गया है। जिले के गंगा किनारे गांव में दूधली खादर, मानपुर, रठौरा कलां, सिरजेपुर, नंगला गुसाई, नीमथा, समसपुर, सिंकदरपुर, जलालपुर शामिल हैं।