ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुई छेड़छाड़ की घटना को लेकर मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पर हंगामा हो गया। पीड़िता अपनी अधिवक्ता के साथ पहुंची और पुलिस पर आरोपी पक्ष से साठगांठ करने का आरोप लगाया।
पीड़ित युवती ने बताया कि वह 26 दिसंबर को अपनी बहन के साथ माधवपुरम में दवाई लेने जा रही थी। आरोप है कि माधवपुरम निवासी आकाश ने छेड़छाड़ करते हुए अश्लील कमेंट्स किए। आरोपी ने बीच सड़क पर खींचने की कोशिश की। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। जिसमें युवती के सिर में चोट लगने से आठ टांके आए थे। आरोप है कि पुलिस ने छेड़छाड़ और जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की और मामला मारपीट की धारा में दर्ज किया। मंगलवार को अधिवक्ता उर्वशी सिंह पीड़िता को लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंची और हंगामा कर दिया। एसएसपी ऑफिस पर शिकायत सुन रहे सीओ संजीव देशवाल ने इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी को जांच कर आरोपी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।