तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जमीन बेचने के नाम पर एक युवक से 97.50 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने एसएसपी के आदेश पर तीन महिलाओं समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
टीपी नगर थाना क्षेत्र के मुल्तान नगर किशनपुरा निवासी अमित कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह उन्हें पसवाड़ा पेपर मिल के सामने प्लॉट बिकने की जानकारी हुई। जिस पर वह अपने परिचित अजय कुमार के साथ पांच अक्तूबर 2023 को मौके पर गए थे। एक प्लॉट पसंद आया, लेकिन उसके मालिक से सौदा नहीं हो पाया। तभी वहां एक आदमी मिला, जिसने अपना नाम अशोक और खुद को कई प्लाॅटों का मालिक बताया। उसने अपना मोबाइल नंबर भी दे दिया।
जनवरी 2024 में अमित कुमार ने कुछ प्लॉटों का सौदा 97.51 लाख में तय कर लिया। बैनामा कराकर नकद, चेक और आरटीजीएस के माध्यम से 97.50 लाख रुपये दूसरे पक्ष को दे दिए। वह प्लॉट की चहारदीवारी कराने गए तो तीन लोग आए और कहा कि ये प्लॉट बिके नहीं हैं। अमित कुमार ने बैनामा दिखाया तो उन लोगों ने बताया कि इस पर लगा फोटो अशोक कुमार का नहीं है। यह मुरादनगर निवासी नैन सिंह है। उन्होंने नैन सिंह को फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला। वह अपने घर पर भी नहीं मिला। उसके परिजनों ने पुलिस से उल्टे अमित कुमार के खिलाफ उसे गुम करने की शिकायत कर दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने नैन सिंह, अजीत, नैन सिंह की पत्नी निर्मला, बेटी सविता और पुत्रवधू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।