संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। सीएचसी पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राघो कुमार के खिलाफ भाजपा ब्लॉक प्रमुख डॉ. मनोज चौहान ने सीएमओ से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में प्रभारी चिकित्साधिकारी पर अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने, ओपीडी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं कराने और स्वयं भी नियमित रूप से सीएचसी पर उपस्थित नहीं रहने के आरोप लगाए हैं।
ब्लॉक प्रमुख मनोज चौहान ने शिकायत पत्र में बताया कि सीएचसी में मरीजों को उपचार के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि अस्पताल में ओपीडी समय से सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही है। साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी के नियमित रूप से सीएचसी पर नहीं आने के कारण मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मरीज आए दिन अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज करा रहे हैं। लेकिन समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. मनोज चौहान ने सीएमओ व डीएम से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने शिकायत में डॉ. राघव कुमार का सरूरपुर खुर्द सीएचसी से स्थानांतरण करने की मांग की है।
सीएमओ राम प्रसाद का कहना कि शिकायत के आधार पर दो अधिकारियों से जांच कराई जा रही है। फिलहाल कोई प्रमाण नहीं मिला है। कई लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।