हस्तिनापुर में शिखा और बेटे रुकांश की हत्या में चार्जशीट
मेरठ। हस्तिनापुर में बैंक मैनेजर संदीप कुमार की गर्भवती पत्नी शिखा और उनके पांच साल के बेटे रुकांश की हत्या के मामले में बहनोई हरीश के खिलाफ सोमवार को चार्जशीट दाखिल कर दी। आरोपी की निशानदेही पर शिखा की बरामद स्कूटी, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज, सुसाइड नोट, बस परिचालक सहित कई साक्ष्य चार्जशीट में शामिल किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी हरीश की वीडियोग्राफी हुई है। इसकी सीडी बनाकर चार्जशीट के साथ संलग्न की है।
29 अगस्त 2022 को हस्तिनापुर में मां-बेटे की हत्या हुई थी। इस मुकदमे की विवेचना इंस्पेक्टर हस्तिनापुर कर रहे थे। विवेचक ने बताया कि मां-बेटे के शव अलग-अलग बेड में मिले थे। जिस चुनरी से शिखा का गला घोंटा गया है, उसे भी जब्त किया गया था। फॉरेंसिक टीम ने नमूने लेकर निवाड़ी लैब में जांच के लिए भेजा था। वहीं, पुलिस ने संदीप के बहनोई हरीश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी दौरान हरीश के साथी रवि ने अपने गांव हापुड़ के पिलखुआ में आत्महत्या कर ली थी। रवि ने अपने सुसाइड़ नोट में दोनों की हत्या में शामिल होने की बात कहते हुए आत्मग्लानि को आत्महत्या का कारण बताया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी हरीश की निशानदेही पर डासना में एक नहर से शिखा की स्कूटी बरामद की गई थी। आरोपी यह स्कूटी हस्तिनापुर से लेकर गए थे। रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे में हरीश स्कूटी चलाते और रवि पीछे बैठे हुए दिखाई दिया था। हरीश और रवि के मोबाइल की सीडीआर, कैमरे की फुटेज, सुसाइड नोट और अन्य कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट तैयार की गई। पुलिस का कहना कि दोहरे हत्याकांड में कई साक्ष्य मजबूत हैं। इसके आधार पर आरोपी को कड़ी सजा हो सकती है। हरीश और उसकी पत्नी डोली के बयानों की पुलिस ने वीडियोग्राफी की। इसकी सीडी भी चार्जशीट के साथ लगाई गई।
---
इस घटना में पुलिस ने पुख्ता सुबूत जुटाकर चार्जशीट तैयार की है। फॉरेसिंक लैब की रिपोर्ट, आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और शिखा की बरामद स्कूटी के अलावा कई महत्वपूर्ण साक्ष्य चार्जशीट में लगाए है। बैंक मैनेजर समेत कई लोगों को गवाह बनाया गया है। इस केस में आरोपी को जल्द सजा हो सकती है। -केशव कुमार, एसपी देहात