जेल में चरस, सुरक्षा घेरा भेद तीन गेट पार कर घुसा युवक
मेरठ। जिला जेल में सुरंग की खबर आपने सुनी ही होगी। रविवार को बंदी से मिलने के लिए आया युवक रस के पैकेट में चरस लेकर जेल के तीन गेट पार कर अंदर पहुंच गया। चौथे गेट पर वह पकड़ में आया तो जेल में चरस की खबर से सनसनी फैल गई। तत्काल मेडिकल पुलिस को बुलाकर आरोपी को गिरफ्तार करा दिया गया।
वर्ष 2007 में 27 अक्तूबर को मेरठ जिला कारागार में बंदियों ने बैरक से जेल की दीवार तक 40 फीट लंबी सुरंग बनाई थी। इस सुरंग से करीब 100 बंदियों के फरार होने की योजना थी। रविवार को यहां इंचौली निवासी शौफीकरस के पैकेट में चरस लेकर जेल के तीन गेट पार करते हुए अंदर पहुंच गया। चौथे गेट पर जेलर मनीष को देख शौफीक कुछ सकपका गया। इस पर मनीष को संदेह हुआ और उसकी गहन तलाशी ली। एक बार तो शौफीक गच्चा दे गया। अचानक जेलर ने रस का पैकेट खोलकर देखा तो अंदर चरस रखी थी। पहले जेल कर्मियों को रस का ब्रांडेड पैकेट देख धोखा हो गया। चौथे गेट पर भी अगर शौफीक के हाव-भाव पकड़ में न आते तो वह बंदी तक ही चला जाता। जेलर ने मामले की जानकारी देते हुए मेडिकल पुलिस को मौके पर बुलाया और आरोपी युवक को उनके हवाले कर दिया। मेडिकल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जेलर मनीष ने बताया कि जेल में जिस बंदी से शौफीक मिलने आया था उससे भी पूछताछ की जा रही है।