चंद्रशेखर यहां मोहल्ला खालसा में स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, कि मैं मंगलवार को दारुल उलूम गया था, मौलाना अरशद मदनी साहब से मिलने। मैने उनसे आशीर्वाद लिया। मदनी साहब ने मुझसे एक बात कही, जिसे मैं यहां दोहरा रहा हूं। उन्होंने मुझसे कहा, कि उन्हें बड़ी उम्मीद है कि आप सभी लोगों को जोड़कर इस देश को बचाने का काम करेंगे। मैने भी मदनी साहब को विश्वास दिलाया है, कि मैं अपनी जिम्मेदारियों पर खरा उतरूंगा।
उन्होंने कहा कि देश में बहुजन 85 प्रतिशत की जगह 90 प्रतिशत आबादी में है। उनको अधिकार के तौर पर सिर्फ 10 प्रतिशत मिला है और जो यहां गलत वह संप्रदायिक ताकतें हैं, वह आज तक राज करती आई है। उनकी एक ही नीति है। लॉर्ड डलहौजी वाली। फूट डालो और राज करो, लेकिन हम इस नीति को बदल देंगे।
चंद्रशेखर ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की सत्ता संभाल रही भाजपा के लोग भाई को भाई से लड़ाने का काम कर रहे हैं, लेकिन अब उनकी यह नीति नहीं चलेगी। वह 16 महीने जेल में रहकर आए हैं। जेल जाने का डर नहीं है। अगर बहुजन मिशन के लिए उन्हें जान भी देनी पड़ी, तो वह पीछे नहीं हटेंगे।
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि बहुजन की आवाज मोदी और योगी को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। यूपी में जितने एनकाउंटर भाजपा सरकार ने कराए है, उन 200 एनकाउंटर में से 180 दलित और मुस्लिम लोगों के कराए हैं। यह लोग साबित क्या करना चाहते है? क्या दलित मुस्लिम ही इस देश में चोर और बदमाश हैं? क्या ओबीसी समाज व बहुजन समाज ही इस देश में आतंकवादी है? इन लोगों की विचारधारा गलत है। बाबा साहब ने संविधान में सभी धर्मों व जातियों के लोगों के लिए व्यवस्था की है, लेकिन भाजपा सभी की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। शरीयत के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।
तीन तलाक के मामले में मुस्लिमों को घेरा जा रहा है। मुस्लिमों के बर्तन चेक हो रहे हैं। उनसे पूछा जा रहा है, कि क्या खा रहे हो? भीड़ बनाकर मुस्लिमों को मारा जा रहा है। इससे निपटने के लिए हम गांव-गांव में भीम आर्मी खड़ी कर देंगे। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज जाग चुका है। देश का अगला प्रधानमंत्री बहुजन समाज से होगा। मजबूती के साथ गठबंधन का साथ दिया जाएगा। भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजीत सिंह नौटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान उर्फ शालू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष शाह महमूद हसन रहे।
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर का बेहट में पहुंचने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भीड़ ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बेहट में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, हालांकि वह गाड़ी से नीचे नहीं उतरे।
उनकी गाड़ी समर्थकों की भीड़ के बीच जुलूस के रुप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंची। यहां महिलाओं एवं समर्थकों की भीड़ ने उन पर पुष्प वर्षा की। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें कंधे पर उठाकर मंच पर पहुंचाया। दलित समाज के युवाओं एवं महिलाओं ने उनके साथ सेल्फी भी ली।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/