मोदीपुरम। प्री-मानसून की बारिश के बाद रविवार सुबह से ही मौसम सुहाना रहा। दोपहर तक सूर्यग्रहण के चलते तपिश कम दिखाई दी। वहीं, देर शाम उमस ने थोड़ा परेशान रखा। हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसूनी बारिश के बाद ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को उमस एवं गर्मी से राहत मिलेगी। शनिवार को प्री-मानसून की बारिश होने के बाद ठंडी हवा चली और उमस भरी गर्मी से राहत मिली थी। रविवार सुबह मौसम सुहाना रहा। दोपहर तक लोगों को गर्मी से राहत रही। वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 22 व 23 जून को मध्य प्रदेश पूर्वी व मध्य उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकांश भागों में मानसून पहुंच जाएगा। 23 से 25 जून तक पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल मानसून उत्तरी सीमा कांडला अहमदाबाद, इंदौर, खजुराहो, फतेहपुर, बहराइच से गुजर रहा है। अनुमान है कि अगले दो दिन में मानसून उत्तर प्रदेश को कवर कर लेगा। जिसके बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम कार्यालय पर रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 82 व न्यूनतम 58 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। वहीं, बारिश 05.0 मिमी दर्ज की गई। मेरठ का औसत एक्यूआई 120 रहा।
शहर में पॉल्यूशन का लेवल
गंगानगर- 101
जयभीमनगर- 186
पल्लवपुरम- 74
कैंट चौराहा- 90