सरधना। थाना क्षेत्र के कालंद-पाली संपर्क मार्ग पर पांच दिन पूर्व मोबाइल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर से हुई लूट के मामले में पुलिस ने पकड़े गए दो आरोपियों का तमंचे की धारा में चालान कर दिया। जबकि पुलिस दोनों आरोपियों से लूट की कुछ नकदी बरामद करने का दावा करते हुए खुलासा करने की बात कह रही थी।
पांच दिन पूर्व कालंद-पाली संपर्क मार्ग पर खेड़ा गांव निवासी राजीव शर्मा से रजबहे पर 40 हजार की नकदी लूटी गई थी। पुलिस कालंद गांव निवासी परवेज पुत्र शब्बीर व अनस पुत्र अहसान को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी परवेज की निशानदेही पर घर की अलमारी में रखी साढ़े छह हजार की नकदी बरामद करने का भी दावा कर रही थी। जबकि लूट पीड़ित राजीव शर्मा के अनुसार आधा दर्जन नकाबपोश आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि थाना पुलिस पीड़ित पर दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने का दबाव बना रही थी, लेकिन पीड़ित ने तहरीर देने से इन्कार कर दिया।
सोमवार को हिरासत में लिए आरोपियों से पुलिस ने साठगांठ कर उन्हें तमंचे के साथ गिरफ्तार दिखाते हुए चालान कर दिया। पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।