भामाशाह पार्क में चल रहे सीके नायडू क्रिकेट ट्रॉफी के मैच में दूसरे दिन यूपी के बल्लेबाजों का दबदबा रहा। मेजबान टीम के ओपनर कप्तान शिवम चौधरी और शुभम अग्रवाल ने शानदार शुरुआत की। दोनों के शतकों की बदौलत दिन का खेल खत्म होने पर यूपी ने पांच विकेट खोकर 311 रन बना लिए थे। ओडिशा के 222 रनों के जवाब में मेजबानों को 89 रनों की बढ़त मिल गई है। अभी उसके पास विकेट सुरक्षित हैं। दो दिन का खेल बाकी है।
यूपी के बल्लेबाजों ने सोमवार के स्कोर 57 रन से पारी को आगे बढ़ाया। शिवम चौधरी ने 15 चौकों की मदद से 166 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उसके बाद शुभम अग्रवाल ने 11 चौकों की मदद से सेंचुरी पूरी की। उन्होंने इसके लिए 182 गेंदें खेलीं। 211 रन पर देवव्रत प्रधान ने यूपी को शिवम चौधरी (102) को बोल्ड कर पहला झटका दिया। अभी स्कोर में मात्र छह रन ही जुड़े थे कि पप्पू राय ने यूपी को शुभम अग्रवाल (102) के रूप में दूसरा झटका दिया। उसके बाद फराज 20, शुभम चौबे 22, अंजर अली 11 भी ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं रुक सके। यूपी का पांचवां विकेट 275 रन पर गिरा। दिन का खेल खत्म होने पर नलिन मिश्रा 19 और उपेंद्र यादव 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। ओडिशा की ओर से देवाप्रिया पटनायक ने दो, देवव्रत प्रधान, पप्पू राय और अनुराग को एक-एक विकेट मिला। इस मौके पर यूपीसीए के उपाध्यक्ष रियायत अली, यूपीसीए के संयुक्त सचिव डॉ. युद्धवीर सिंह, एमडीसीए अध्यक्ष अरविंद नाथ सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेके अग्रवाल, उपाध्यक्ष जेके गुप्ता, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, कोच संजय रस्तोगी, पिच क्यूरेटर रवींद्र चौहान, आयोजन सचिव सुभाष शर्मा, सुरेंद्र चौहान, गजेंद्र सिंघल मौजूद रहे।
चयनकर्ता ने देखा खिलाड़ियों का हुनर
मैच के दूसरे दिन इंडिया जूनियर टीम के चयनकर्ता ज्ञानेंद्र पांडे भी मैदान में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का हुनर परखा। चर्चा है कि यूपी की टीम में से इस बार एक या दो खिलाड़ियों का चयन इंडिया ए टीम में हो सकता है। हालांकि ज्ञानेंद्र पांडे ने मीडिया से पूरी तरह से दूरी बनाई रखी।