मेरठ। सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद ध्वस्तीकरण न करने को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की है। इसमें सेंट्रल मार्केट के मामले में अदालत के आदेश पर विभाग द्वारा कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि लगातार अवैध निर्माण हो रहे हैं, जिनके ध्वस्तीकरण के आदेश हुए उन पर भी कार्रवाई नहीं हुई। नोटिस भेजकर विभाग अप्रत्यक्ष रूप से अदालत की अवमानना कर रहा है। अधिशासी अभियंता आफताब अहमद की ओर से दिए गए जवाब में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का अनुपालन कराया जा रहा है। विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से किसी भी व्यक्ति को सूचना उपलब्ध कराने से आम लोगों में भय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और कानून व्यवस्था भी खराब होने की प्रबल संभावना है।