संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। चार फरवरी की रात गांव फखरपुर कबट्टा में चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से छत पर खड़ी युवती घायल हो गई थी। घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि पुलिस द्वारा गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे, शादी समारोह का वीडियो और फोटो खंगाले हैं लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि, गांव में चर्चा है कि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही दूल्हे के पिता व एक अन्य परिजन को हिरासत में ले लिया था।
चार फरवरी की रात फखरपुर कबट्टा निवासी सुनील शर्मा की बेटी की बरात मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव लोटी से आई थी। चढ़त के दौरान किसी बराती द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली छत पर खड़ी जेसिका शंकर (21) को लग गई थी। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया था। अब युवती खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के 48 घंटे बाद भी पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे के पिता व एक अन्य परिजन को हिरासत में ले लिया था। ग्रामीणों ने बताया कि दूल्हे के किसी नजदीकी रिश्तेदार द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी।
बयान....
पुलिस ने कई एंगल से जांच शुरू की है। अभी तक की जांच में कोई आरोपी प्रकाश में नहीं आया है लेकिन पुलिस आगे की जांच में जुटी है। -प्रमोद कुमार सिंह, सीओ, किठौर