सीसीएसयू में डॉ. अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में मंगलवार को साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद एवं शिक्षा विभाग की ओर से डॉ. आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें सीसीएसयू की कशिश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय स्तर पर और विभिन्न कॉलेजों के 17 चयनित विजेता विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार, संविधान निर्माण में उनके योगदान, तकनीकी युग में सामाजिक एवं आर्थिक विषमताएं एवं आधुनिक भारत के समावेशी मार्ग जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष डॉ. नीलू जैन गुप्ता एवं परिषद के संयोजक प्रो. केके शर्मा ने डॉ. आंबेडकर के संघर्ष, विचारधारा, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका एवं सामाजिक समरसता की प्रासंगिकता पर विचार रखें। निर्णायक मंडल में डॉ. विजेता गौतम, सुमनेश सुमन एवं डॉ. दीक्षा रानी रहे। प्रतियोगिता में सीसीएसयू की कशिश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एसएमपीजी कॉलेज मेरठ की भारती ने द्वितीय स्थान और सीसीएसयू की शैलजा पारस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, एसएसवीपीजी कॉलेज हापुड़ की आदित्या सिंह एवं एसडी कॉलेज गाजियाबाद के वैभव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. जितेंद्र सिंह गोयल रहे। संचालन अपेक्षा चौधरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. मुनेश कुमार, डॉ. अर्चना चौधरी, डॉ. एके सिंह, डॉ. धर्मेद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।