विश्वविद्यालय ने बढ़ाई अंतिम तिथि,
- अन्य विश्वविद्यालयों से आए छात्रों के मूल माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के बिना परीक्षा फार्म नहीं होंगे स्वीकार, कॉलेजों को जारी किए गए निर्देश
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने सत्र 2025-26 में प्रवेशित छात्र-छात्राएं जो दूसरे विश्वविद्यालयों से आए हैं उनके लिए मूल माइग्रेशन प्रमाण-पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 14 जुलाई निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 27 जुलाई कर दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक द्वारा विवि से जुड़े कॉलेजों के प्राचार्यों और निदेशकों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय में जमा कराने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि दूसरे विश्वविद्यालयों से प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों के मूल माइग्रेशन प्रमाण-पत्र परीक्षा फार्म के साथ संलग्न हैं या नहीं। विस्तारित अवधि के भीतर परीक्षा फार्म और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र हर हाल में विश्वविद्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र का मूल माइग्रेशन प्रमाण-पत्र संलग्न नहीं पाया गया तो उसका परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए महाविद्यालय समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लें।
जिन महाविद्यालयों ने बीएड प्रथम वर्ष 2026 के परीक्षा फार्म पहले ही बीएड परीक्षा विभाग में जमा करा दिए हैं, उन्हें संबंधित विद्यार्थियों के मूल माइग्रेशन प्रमाण-पत्र भी 27 जुलाई तक जमा कराना जरूरी है।