- सीसीएसयू परिसर और कॉलेजों में आठ से शुरू हो रहे हैं प्रवेश
- छात्रों के पास परिसर के लिए प्रवेश लिंक और कॉलेजों को पहुंचेगा प्रवेश ऑफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि में स्नातक पाठ्यक्रमाें में प्रवेश से पूर्व छात्रों को लॉगिन कर अपना डैशबोर्ड चेक करना होगा। सीसीएसयू ने काॅलेजों और परिसर के विभागों को मेरिट और प्रवेश संबंधी प्रशिक्षण देने के बाद मेरिट जारी करने और प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिसर से लेकर कालेजों तक स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों के साथ ही सर्टिफिकेट व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश एक साथ चलेंगे। इसमें बीपीईएस, बीएससी फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स, बीए एलएलबी और बीकाम-एलएलबी के पाठ्यक्रम शामिल नहीं हैं। प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर के विभाग और संबद्ध काॅलेज पांच से सात अगस्त तक स्नातक पाठ्यक्रमों में पंजीकृत विद्यार्थियों का पंजीकरण डाटा अपनी समर्थ लॉगिन आईडी व पासवर्ड से डाउनलोड करेंगे। डाटा डाउनलोड करने के बाद पंजीकृत अभ्यर्थियों की अंक प्रतिशत में वेटेज के प्रतिशत को जोड़कर निर्धारित सीटों के सापेक्ष आरक्षण नियमों व अन्य राज्य व अन्य बोर्ड कोटा का पालन करते हुए प्रथम वरीयता सूची तैयार करेंगे।
एडेड और राजकीय विद्यालयों में संचालित बीए, बीएससी, बीएससी-एजी आनर्स और बीकाम पाठ्यक्रमों के लिए पांच प्रतिशत सीटों को छोड़कर वरीयता सूची तैयार करनी होगी। सात अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर के विभाग प्रवेश संपुष्टि के लिए प्रथम वरीयता सूची यानी पहली मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश जमा करने के लिए आठ से 12 अगस्त तक अपने प्रवेश पोर्टल पर कार्यक्रम जारी करेंगे।
विश्वविद्यालय परिसर के विभागों में पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थी आठ से 12 अगस्त तक अपने डैशबोर्ड पर चेक कर लें कि प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए लिंक उपलब्ध हो गया है या नहीं। जिन विद्यार्थियों को लिंक उपलब्ध हो गया है और वह उस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए इच्छुक हैं तो प्रवेश शुल्क जमा कर दें और संबंधित विभाग को भी उसकी सूचना दे दें। जिन विद्यार्थियों ने केवल विश्वविद्यालय से संबंधित काॅलेजों में संचालित उक्त स्नातक पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कराया हैं वह विद्यार्थी आठ से 12 अगस्त तक अपने डैशबोर्ड में देख लें कि किन काॅलेजों का एडमिशन ऑफर प्राप्त हुआ है। उनमें से छात्र को जिस काॅलेजों में प्रवेश लेना हैं, उस विद्यालय का प्रवेश ऑफर लेटर एक्सेप्ट करके संबंधित काॅलेज में करके संबंधित कालेज में प्रवेश लेने के लिए अपने पंजीकरण फार्म के साथ अपने शैक्षिक प्रमाण, आरक्षण संबंधी प्रमाण, मूल निवास, आधार आदि सभी प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ मूल प्रति लेकर संबंधित काॅलेज में प्रवेश के लिए संपर्क करेंगे।