मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं के खिलाफ विद्यार्थियों ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र नेताओं ने वर्ष 2026 की कार्ययोजना तय करते हुए छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की। छात्र नेता एडवोकेट आदेश प्रधान ने बताया कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अब आंदोलन जरूरी हो गया है। निर्वाचित छात्र संघ के बिना यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायतें प्रदेश सरकार, राज्यपाल भवन और राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाई जा चुकी हैं। इस दौरान शिक्षा, परीक्षा, परिणाम, हॉस्टल, फीस, सुरक्षा और पारदर्शिता से संबंधित 39 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया गया। प्रवेश परीक्षा में देरी, परिणाम गड़बड़ी, धन दुरुपयोग, अधिकारियों की संदिग्ध संपत्तियां और 2022-2025 की ऑडिट रिपोर्टों से उजागर वित्तीय अनियमितताओं को बार-बार सामने लाया गया।
इस दौरान हॉस्टलों में जाकर छात्रों से संवाद किया गया और संकल्प दिलाया गया कि छात्र संघ चुनाव बहाल होने तक संघर्ष जारी रहेगा। मांगें पूरी कराने के लिए धरना, प्रदर्शन, भूख हड़ताल और सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा। ये मांगें उठाने वालों में अनुज भड़ाना, शशिकांत गौतम, राहुल वर्मा, आकाश भड़ाना सहित अन्य मौजूद रहे।