परीक्षा होने के पांच महीने बाद भी बीएड प्रथम वर्ष का परिणाम घोषित न होने पर फूटा गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परीक्षा के पांच महीने बाद भी चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं हुआ। इससे द्वितीय वर्ष के उन छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है, जिन्होंने प्रथम वर्ष की बैक परीक्षा दी थी। करीब 40 हजार छात्रों से जुड़े इस मामले को लेकर शनिवार को छात्र नेता विनीत चपराना ने परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य का घेराव किया। विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे विनीत ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परिणाम में देरी के कारण बताने की मांग की। छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि लापरवाही से छात्रों का समय बर्बाद हो रहा है। हंगामे के बाद परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक बीएड प्रथम वर्ष का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। विनीत चपराना ने कहा हम छात्रों की आवाज को दबने नहीं देंगे। यदि तय समय पर रिजल्ट नहीं आया, तो विश्वविद्यालय के खिलाफ आंदोलन तेज कर देंगे। छात्र नेता ने चेतावनी दी कि सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि तकनीकी कारणों से देरी हुई, लेकिन अब प्रक्रिया तेज कर दी गई है।