संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के खंदारी परिसर में रविवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की ओर से भी विशेष स्टॉल स्थापित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, शोध, नवाचार, तकनीकी एवं संस्थागत पहलों को प्रदर्शित किया गया।
विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रो. दिनेश चंद्र शर्मा, डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम एवं डॉ. जितेंद्र गोयल ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। सीसीएसयू में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से स्थापित शटलकॉक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा बैडमिंटन निर्माण इकाई की विशेष रूप से सराहना की गई।