सीसीएसयू से संबद्ध मेरठ और सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में आज यानी शानिवार से बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए-एमकॉम के रेग्युलर और प्राइवेट परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन वेबसाइट पर भरे जाने शुरू हो जाएंगे। 27 जनवरी तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ फीस जमा की जा सकती है। 29 जनवरी तक कॉलेजों में फॉर्म का प्रिंट आउट जमा कराना होगा। कॉलेजों द्वारा कैंपस में परीक्षा फॉर्म का प्रिंट आउट जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। प्राइवेट में छात्र-छात्राओं को तीन कॉलेजों का विकल्प देना होगा। विवि उनको कॉलेज का अलॉटमेंट करेगा।
जो छात्र उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं लेकिन उन्होंने 12वीं की परीक्षा या ग्रेजुएशन परीक्षा दूसरे राज्य से की है उनको मूल निवास प्रमाण पत्र लगाना होगा। मूल निवास नहीं होने की स्थिति में विशेष शुल्क 5500 रुपये जमा करना होगा। विदेशी छात्र-छात्राएं प्राइवेट परीक्षा फार्म नहीं भर सकते हैं। यूपी बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड से 12वीं करने वाले छात्रों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी परीक्षा फार्म के साथ जमा करना जरूरी है। स्नातक की परीक्षा में जो विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित नहीं हैं, वह स्नातकोत्तर में परीक्षा फार्म नहीं भर सकते हैं। रेग्युलर बीए, बीएससी और बीकॉम के छात्र-छात्राएं भी पोर्टल पर अपने फार्म भरेंगे। प्राइवेट में जिन छात्र-छात्राओं पर 12वीं में गणित नहीं था। वह स्नातक में गणित नहीं ले सकते हैं।