मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि की ओर से वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित यूजी-पीजी संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों की मुख्य और बैक परीक्षाओं के लिए पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं। छात्र-छात्राएं 31 जनवरी तक फार्म भर सकेंगे।
वार्षिक परीक्षा प्रणाली के लिए संचालित संस्थागत और व्यक्तिगत पाठ्यक्रमों के लिए छात्र 31 जनवरी तक फार्म भर सकेंगे। 31 जनवरी तक छात्रों द्वारा भरे गए परीक्षा फार्म को सीसीएसयू से संबंधित कॉलेज तीन फरवरी तक सत्यापित कर पांच फरवरी को विवि के परीक्षा विभाग में जमा करेंगे।
नेट, स्लैट, एमफिल और पीएचडी उपाधि धारण करने के बाद छात्रों को केवल दो वर्ष के भीतर स्नातक स्तर पर किसी भी एक वर्ष की संपूर्ण परीक्षा में वर्तमान पाठ्यक्रमानुसार इंप्रपूवमेंट परीक्षा के लिए केवल एक बार मौका प्रदान किया जाएगा। स्नातकोत्तर (व्यक्तिगत) स्तर पर इंप्रपूवमेंट परीक्षा के लिए स्नातकोत्तर उपाधि पूर्ण करने के बाद केवल दो वर्ष का समय दिया जाता है।
एआर सत्यप्रकाश ने बताया कि स्नातक स्तरीय संस्थागत बीए, बीएससी और बीकाॅम पाठ्यक्रम सत्र 2021-22 से एनईपी-2020 सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं। वार्षिक प्रणाली पाठ्यक्रमों में केवल 2020-21 एवं उससे पूर्व प्रविष्ट छात्र ही अर्हतानुसार परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च और सम सेमेस्टर की 11 अप्रैल से
विवि की ओर से परिसर व उससे संबंधित कॉलेजों में स्नातक-स्नातकोत्तर विषयों की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया गया है। जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 11 मार्च से शुरू होंगी।
वहीं विवि ने वर्ष 2025 में वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथियां भी घोषित कर दी हैं। यूजी-पीजी सम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म एक मार्च से भरे जाएंगे। इसमें ट्रेडिशनल-प्रोफेशनल के छात्र शामिल होंगे। सम सेमेस्टर परीक्षाएं 11 अप्रैल से शुरू होगी।
10 मई से होंगी बीएड की परीक्षाएं
विवि के अनुसार बीएड प्रथम एवं अंतिम वर्ष और बैक के पेपर 10 मई से होंगे। विवि बीएड के परीक्षा फॉर्म दस जनवरी से ऑनलाइन कर देगा। बीएड में 80 हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
फरवरी में होंगे ओडीएल में पंजीकरण
यूजी-पीजी प्राइवेट परीक्षा फार्म के साथ ही विवि में ओडीएल (मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा) की तैयारी भी शुरू हो गई है। यूजीसी से अनुमति मिलते ही विवि ओडीएल में प्रस्तावित 13 विषयों में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर देगा। नौकरीपेशा ऐसे छात्र जो प्राइवेट मोड में पेपर देना नहीं चाहते वे ओडीएल में प्रवेश पा सकते हैं। ओडीएल में विवि नियमित असाइनमेंट और ई-कंटेंट का विकल्प देगा।
28 जनवरी को एलएलएम में एल-1001 का पेपर
विवि ने 15 जनवरी को यूजीसी नेट से टकरा रहे एलएलएम प्रथम सेमेस्टर के पेपर कोड एल-1001 के पेपर को बदल दिया है। दो से पांच बजे की पाली में एल-1001 का पेपर अब 28 जनवरी को होगा।
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना