बीए सबसे आसान डिग्री समझी जाती है। लेकिन, इसे लेकर जो सच सामने आया है, वह चौंकाने वाला है। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के आधे छात्र बीए पास करने में फेल साबित हो रहे हैं। यहां प्राइवेट में जितने छात्र रजिस्ट्रेशन कराते हैं, उनमें से आधे भी तीन साल में डिग्री पूरी नहीं कर पा रहे। बीएससी की हालत भी ठीक नहीं है। करीब 40 फीसदी छात्र तय समय में डिग्री पूरी नहीं कर पाते। वे बीच में ही पाठ्यक्रम से अलग हो जा रहे हैं। अहम बात यह भी है कि एडमिशन लेने और रजिस्ट्रेशन के दौरान मारामारी रहती है। लेकिन, फाइनल ईयर तक आते-आते छात्रों की संख्या आधी रह जाती है।
इन दिनों विवि के भरे जा रहे परीक्षा फार्म से यह तस्वीर साफ हो रही है। मेरठ और सहारनपुर मंडल में शनिवार शाम तक 428176 छात्र परीक्षा फार्म भर चुके थे। इनमें रेग्युलर और प्राइवेट दोनों छात्र शामिल हैं। संभावना है कि 10 से 15 हजार परीक्षा फार्म और भरे जाएंगे। फार्म के आंकड़े बता रहे हैं कि ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में एडमिशन के लिये तो छात्रों में जोश दिखता है, लेकिन फाइनल ईयर आते-आते वह ठंडा पड़ जाता है। बीए प्राइवेट में तो आधे छात्र पढ़ाई बीच में छोड़ रहे हैं। बीएससी की हालत भी कुछ ऐसी ही है। बीकॉम रेग्युलर और प्राइवेट के अलावा एमए प्राइवेट की स्थिति फिर भी ठीक है।
इसलिये छोड़ देते हैं मैदान
जानकारों का कहना है कि छात्र ट्रेडिशनल पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता नहीं दे रहे। वजह यह कि इन्हें पूरा करने के बाद उन्हें सीधे नौकरी नहीं मिलने वाली। साल खराब न हो, इसलिये वे एडमिशन ले लेते हैं। बीच में किसी प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन लेने या कुछ और बेहतर विकल्प मिलने पर वे बीच में ही ड्रॉप कर जाते हैं। कुछ छात्र प्रतियोगिता की तैयारी के साथ-साथ ट्रेडिशनल कोर्स में भी एडमिशन ले लेते हैं। चयन होने पर बीच में डिग्री छोड़ देते हैं। हालांकि, बीकॉम की डिमांड बनी हुई है। रेग्युलर एडमिशन में सबसे ज्यादा फाइट बीकॉम में ही होती है। बीएससी की डिग्री बीच में छोड़ने की मुख्य वजह मेडिकल से जुड़े कोर्स की तैयारी करना है। छात्र-छात्राएं प्रोफेशनल कोर्स का रुख कर लेते हैं।
फर्स्ट से फाइनल ईयर तक का सफर
बीए प्राइवेट
ईयर छात्र
फर्स्ट 65701
सेकंड 37853
थर्ड 31603
बीकॉम प्राइवेट
ईयर छात्र
फर्स्ट 9631
सेकंड 5811
थर्ड 6416
बीए रेग्युलर
ईयर छात्र
फर्स्ट 39571
सेकंड 33449
थर्ड 30321
बीकॉम रेग्युलर
ईयर छात्र
फर्स्ट 16670
सेकंड 12887
थर्ड 13322
बीएससी
ईयर छात्र
फर्स्ट 14086
सेकंड 8730
थर्ड 8549